(अमेरिका के ३०३ शंखवादकों का रिकॉर्ड नाशिककरों ने तोड़ा)
नाशिक – अमेरिका के एक साथ ३०३ शंखनाद करने के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए ५१७ नाशिककरों ने सामूहिक शंखनाद का नया रिकॉर्ड स्थापित किया और नाशिक के नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई। भक्ति, श्रद्धा, सामूहिक शक्ति और भारतीय संस्कृति के गौरव को रेखांकित करने वाला यह समारोह सिंहस्थ कुंभमेला-२०२७ के मंगल पर्व का महत्वपूर्ण चरण साबित हुआ।
नाशिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभमेला प्राधिकरण और अनंत विजय शंखनाद पथक की ओर से कोजागरी पूर्णिमा के दिन (दि. २६ अक्टूबर) गोदाकाठ स्थित यशवंत महाराज पटांगण पर सामूहिक शंखनाद किया गया। पालकमंत्री गिरीश महाजन की प्रमुख उपस्थिति में हुए इस समारोह में हुए शंखनाद से पूरा गोदाकाठ चैतन्य से भर गया था। गोदातट पर एक साथ गूंजी शंखध्वनियों ने नाशिक की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का दर्शन कराते हुए सिंहस्थ कुंभमेले के स्वागत के लिए उत्साह पैदा किया।
इस अवसर पर महापौर हिमगौरी आडके, विधायक राहूल ढिकले, विधायक देवयानी फरांदे, विधायक सीमा हिरे, कुंभमेला प्राधिकरण के अध्यक्ष तथा विभागीय आयुक्त डॉ. प्रवीण गेडाम, प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह, महापालिका आयुक्त मनीषा खत्री, जिलाधिकारी आयूष प्रसाद, सार्वजनिक निर्माण विभाग की मुख्य अभियंता अरुंधती शर्मा, अधीक्षक अभियंता देवेंद्र पवार, नियोजन विभाग के उपायुक्त योगेंद्र चौधरी, कार्यकारी अभियंता नवनाथ सोनवणे, गिनीज वर्ल्ड रेकॉर्ड्स के प्रतिनिधि ऋषिकेश नाग, समन्वयक मिलिंद बेर्लेकर, अनंत विजय शंखनाद पथक की वृषाली घोलप, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी रवींद्र माने सहित साधु-महंत, शंखनाद वादक और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
तैयारी, अनुशासन और उत्साह का दर्शन
शंखनाद भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है। मंगल कार्य, धार्मिक विधि और आध्यात्मिक उपासना में भी शंखनाद का विशेष महत्व है। ऐसी परंपरा में विश्व रिकॉर्ड जुड़ने का समारोह नाशिक में संपन्न हुआ। सैकड़ों नागरिकों ने एक साथ शंखनाद के लिए दिखाई तैयारी, अनुशासन और उत्साह इस उपक्रम की विशेषताएं रहीं।
शंख बजाना भी एक कला है
शंख बजाना केवल धार्मिक क्रिया नहीं है, इसके लिए श्वास पर नियंत्रण, नियमित अभ्यास, प्राणायाम और शारीरिक क्षमता आवश्यक होती है। इसलिए बड़ी संख्या में प्रतिभागियों का समन्वय साधकर सामूहिक शंखनाद करना चुनौतीपूर्ण कार्य था। नाशिक में इस उपक्रम के लिए नागरिकों ने उत्स्फूर्त सहभाग दर्ज करते हुए एकजुटता का दर्शन कराया। सामूहिक प्रयासों से हासिल इस उपलब्धि से नाशिक की सांस्कृतिक पहचान को नई प्रतिष्ठा प्राप्त हुई।
३१ अक्टूबर को ध्वजारोहण; तैयारियों को गति
सिंहस्थ कुंभमेले की पूर्व तैयारी के महत्वपूर्ण चरण के रूप में ३१ अक्टूबर को रामकुंड पर दोपहर १२ बजकर २ मिनट पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम होगा। त्र्यंबकेश्वर में भी उसी समय ध्वजारोहण का आयोजन किया गया है। इस समारोह में सहभागी होने के लिए नागरिकों को उत्साह से आगे आना चाहिए, ऐसा आवाहन पालकमंत्री महाजन ने इस अवसर पर किया।








Leave a Reply